Friday 23rd of October 2026 12:58:21 AM

Breaking News
  •  दुनिया के सबसे भीषण खसरे के प्रकोप का सामना कर रहा बांग्लादेश-WHO|
  • जमुई में मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा ,हथियार बनाने के उपकरण बरामद |
  • लखनऊ में पुलिकर्मियों को योगी सरकार की सौगात , भत्तों में बढ़ोत्तरी का ऐलान|
Facebook Comments
By : Nishpaksh Pratinidhi | Published Date : 12 Oct 2019 9:54 AM |   1662 views

पिथौरागढ-हिंडन के बीच नियमित हवाई सेवा शुरू

गाजियाबाद/देहरादून- उत्तर प्रदेश में गाजियाबाद स्थित वायुसेना के हिंडन एयरबेस से लगे असैन्य हवाई अड्डे से शुक्रवार को पहली व्यावसायिक उड़ान सेवा के तहत नौ सीटों वाले एक विमान ने उत्तराखंड के पिथौड़ागढ़ जिले के लिए उड़ान भरी। ‘हेरीटेज एविएशन’ विमान ने नौ यात्रियों के साथ पिथौरागढ़ के नैनी-सैनी हवाई अड्डे के लिए उड़ान भरी, इसके साथ ही हिंडन हवाई अड्डे से इस पहाड़ी शहर (पिथौड़ागढ़) के लिए विमान सेवा की शुरुआत हो गई।

हिंडन हवाई अड्डे पर आयोजित एक संक्षिप्त समारोह में गाजियाबाद से पिथौरागढ़ के लिए हवाई सेवा शुरू होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि इससे प्रदेश के पिथौरागढ़ के अलावा अल्मोड़ा, चम्पावत, बागेश्वर से देश की राजधानी तक पहुंचने में समय की काफी बचत होगी। एक सरकारी विज्ञप्ति के अनुसार, मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली से पिथौरागढ़ तक सड़क मार्ग से जाने में काफी समय लगता था जो मंहगा भी था। उन्होंने कहा कि हवाई सेवा के शुरू होने से लोगों के समय की बचत होने के साथ ही वहां आर्थिक दृष्टि से भी लोगों को फायदा होगा ।

रावत ने कहा कि पिथौरागढ़ का सीमांत जिला होने के कारण यह हवाई सेवा सामरिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड के आपदा की दृष्टि से संवेदनशील होने तथा गंभीर मरीजों को कम समय में हायर सेंटर तक पहुंचाने के अलावा कैलाश मानसरोवर जाने वाले यात्रियों को भी इस हवाई सेवा से लाभ मिलेगा। रावत ने कहा कि पिथौरागढ़ में एक ट्यूलिप गार्डन बनाया जा रहा है जो बड़ी संख्या में पर्यटकों को आकर्षित करेगा। इन पर्यटकों को भी हवाई सेवा का लाभ मिलेगा । हवाई कंपनी हैरिटेज एविएशन का नौ सीटर विमान बृहस्पतिवार को छोड़कर सप्ताह के छह दिन उड़ान भरेगा ।

‘हैरिटेज एवियेशन’ के प्रबंधक एम एस धामी ने पिथौरागढ़ में बताया कि एक घंटे की यह उड़ान हिंडन से प्रतिदिन दोपहर एक बजे चलेगी और पिथौरागढ़ के नैनी सैनी हवाई अड्डे पर दो बजे पहुंचेगी जबकि पिथौरागढ़ से यह प्रतिदिन पूर्वाहन 11: 30 बजे उड़ान भरेगी और साढे़ 12 बजे हिंडन पहुंचेगी । उन्होंने बताया कि पिथौरागढ़ से हिंडन का प्रति व्यक्ति किराया 2470 रुपये है जबकि वापसी का किराया 2270 रुपये रखा गया है ।

उड़ान सेवा की शुरुआत के मौके पर गाजियाबाद के सांसद वी. के. सिंह, नैनीताल के सांसद और उत्तराखंड भाजपा के अध्यक्ष अजय भट्ट और अल्मोड़ा के सांसद अजय टम्टा भी मौजूद थे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आठ मार्च को हिंडन में सिविल टर्मिनल भवन का उद्घाटन किया था। पिथौरागढ़ से राष्ट्रीय राजधानी पहुंचने में करीब 18 घंटे का समय लगता है।

मेरठ जोन के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक ने भी बृहस्पतिवार को सिविल टर्मिनल का दौरा किया था और सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की थी। उन्होंने कहा कि साहिबाबाद के पुलिस उपाधीक्षक राकेश मिश्रा को सिविल हवाई अड्डे का मुख्य सुरक्षा अधिकारी नियुक्त किया गया है। हवाई अड्डे की सुरक्षा में एक निरीक्षक, 15 उपनिरीक्षक, छह मुख्य आरक्षक, 30 आरक्षक, एक महिला उपनिरीक्षक और महिला आरक्षकों को तैनात किया गया है।

Facebook Comments