Friday 23rd of October 2026 12:20:25 AM

Breaking News
  •  दुनिया के सबसे भीषण खसरे के प्रकोप का सामना कर रहा बांग्लादेश-WHO|
  • जमुई में मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा ,हथियार बनाने के उपकरण बरामद |
  • लखनऊ में पुलिकर्मियों को योगी सरकार की सौगात , भत्तों में बढ़ोत्तरी का ऐलान|
Facebook Comments
By : Nishpaksh Pratinidhi | Published Date : 2 May 2024 5:07 PM |   346 views

घर-घर बधाई और नेग के साथ बांट रहे 20 मई को मतदान अवश्य करने का संदेश

गोण्डा- जनपद में लोकसभा निर्वाचन 2024 में मतदान प्रतिशत बढ़ाने की मुहिम में अब ट्रांसजेंडर समुदाय भी पूरी जोर शोर से जुट गया है। एक मई से जनपद में ट्रांसजेंडर समुदाय के सहयोग से विशेष मतदाता जागरूकता कार्यक्रम की शुरुआत की गई है। अब, घर-घर बधाई और नेग बांटने के साथ ही इस समुदाय के सदस्य लोगों को 20 मई को मतदान अवश्य करने का संदेश भी दे रहे हैं। मतदाताओं को मतदान अवश्य करने की शपथ भी दिलवाई जा रही है। 
 
बता दें, गोण्डा जनपद में लोकसभा चुनाव पांचवें चरण यानी 20 मई को होना है। जिलाधिकारी नेहा शर्मा की पहल पर ट्रांसजेंटर समुदाय को व्यवस्थित मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचन भागीदारी कार्यक्रम (स्वीप) से जोड़ा गया है। बीती 30 अप्रैल को जिलाधिकारी कार्यालय के सभागार में ट्रांसजेंडर समुदाय के सदस्यों की स्वीप प्रभारी मुख्य राजस्व अधिकारी महेश प्रकाश के साथ एक बैठक हुई। बैठक में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम में ट्रांसजेंडर समुदाय की भूमिका पर मंथन किया गया। बैठक के बाद ही ट्रांसजेंडर समुदाय एक मई से मतदाता जागरूकता कार्यक्रम के साथ जोर-शोर से जुड़ गया है। प्रशासन की ओर से मतदाता जागरूकता प्रचार सामग्री के साथ ही 20 मई को मतदान करने के संदेश वाले नेग के सिक्के भी उपलब्ध कराए गए हैं। जिन्हें ट्रांसजेंडर समुदाय द्वारा घर-घर पहुंचाया जा रहा है। 
 
जिलाधिकारी नेहा शर्मा ने बताया कि 2019 के लोकसभा चुनाव में, इस चुनाव क्षेत्र में 52.2 प्रतिशत मतदान रहा था, जो कि राज्य औसत 59.21 प्रतिशत से कम था। इसी क्रम में आगामी 2024 आम चुनावों में भागीदारी बढ़ाने के लिए प्रयास जारी हैं।  
 
गोण्डा में 25.30 लाख पंजीकृत मतदाता हैं, जिनमें 13.50 लाख पुरुष, 11.82 लाख महिलाएं और 94 ट्रांसजेंडर हैं। ट्रांसजेंडर समुदाय की सदस्य पूजा मिश्रा, तनाया सिंह, चांदनी, अनुष्का, नंदा समेत अन्य सदस्य लगातार इस अभियान को सफल बनाने में अपनी भूमिका निभा रहे हैं। पूजा मिश्रा ने कहा कि हम प्रशासन को आश्वस्त करते हैं कि जिलाधिकारी की इस अनूठी पहल के संबंध में अधिक से अधिक लोगों को जागरूक कर मतदान करने के लिए प्रेरित करेंगे। 
 
गांव शहर में धूम मचा रहा, मेरा गोण्डा, मेरी शान… गीत
 
मतदाता प्रतिशत बढ़ाने हेतु तैयार किया गया जागरूकता गीत मेरा गोण्डा मेरी शान… खूब धूम मचा रहा है। जनपद में संचालित सभी स्वच्छता वाहनों,  ई-रिक्शा समेत अन्य माध्यमों से गांव-गांव तक पहुंच रहा है। उधर, सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर भी इस गीत का अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है।
 
जिलाधिकारी नेहा शर्मा की पहल पर तैयार किए गए इस गीत के माध्यम से जनपदवासियों को आगामी 20 मई को होने वाले मतदाता के लिए प्रेरित किया गया है। इसकी गीत को लोकगायक शेनदत्त सिंह ने अपनी आवाज दी है। गीत कबीर का और संगीत प्रकाश सोनी का है।
Facebook Comments