Thursday 22nd of October 2026 04:13:22 PM

Breaking News
  •  दुनिया के सबसे भीषण खसरे के प्रकोप का सामना कर रहा बांग्लादेश-WHO|
  • जमुई में मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा ,हथियार बनाने के उपकरण बरामद |
  • लखनऊ में पुलिकर्मियों को योगी सरकार की सौगात , भत्तों में बढ़ोत्तरी का ऐलान|
Facebook Comments
By : Nishpaksh Pratinidhi | Published Date : 23 Dec 2023 4:49 PM |   833 views

राजस्थान में अब तक 10 कोरोना केस… जोधपुर में 6 महीने बाद कोविड पॉजीटिव मिला

जयपुर। राजस्थान में कोरोना का असर अब दिखाई देने लगा है। करीब 6 महीने बाद कोविड के नए वैरिएंट जेएन-1 ने प्रदेश में दस्तक दे दी है। प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से अब तक कुल 10 मामले सामने आ चुके हैं। वहीं एक मरीज की मौत हो गई है। राजधानी जयपुर में ही अब तक 3 केस सामने आए हैं, जिनमें कल एक नवजात के कोरोना पॉजीटिव मिलने के बाद अब जेके लोन अस्पताल के आईसीयू में भर्ती एक 8 वर्षीय बालक भी कोरोना पॉजिटिव पाया गया। जयपुर के अलावा जैसलमेर से 2, अलवर, भरतपुर, धौलपुर, झुंझनू और जोधपुर से कोरोना के 1-1 मामले सामने आने की खबर है। प्रदेश में कोरोना की दोबारा दस्तक देने के बाद प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है।

जोधपुर में युवती कोरोना पॉजिटिव, कुछ दिन पहले ऑस्ट्रेलियाई से आई थी…

जोधपुर में शुक्रवार को 6 महीने बाद पहला कोरोना पॉजिटिव मरीज मिला है। कोरोना पॉजिटिव मरीज 19 साल की युवती है। कोरोना पॉजिटिव युवती 5 दिन पहले ही आस्ट्रेलिया से लौटी थी, तब से बीमार थी। युवती की पॉजिटिव रिपोर्ट आने के बाद मेडिकल डिपार्टमेंट अलर्ट हो गया है। युवती को होम आइसोलेशन में रखा गया है। वहीं युवती के संपर्क में आए लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। उनका भी हेल्थ चेकअप किया जाएगा।

जयपुर में दौसा के कोविड पॉजिटिव मरीज की मौत…

राजस्थान में एक कोरोना पॉजिटिव मरीज की मौत हो गई है। गुरुवार दोपहर को दौसा के कोरोना पीड़ित व्यक्ति (48) की जयपुर में उपचार के दौरान को मौत हो गई। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सुभाष बिलोनिया ने बताया कि शख्स की 4 दिसंबर को तबीयत खराब होने पर परिजनों ने उसे दौसा जिला चिकित्सालय में दिखाया था, लेकिन मरीज को सांस लेने में अधिक दिक्कत हो रही थी, इसलिए उसे जयपुर रेफर कर दिया गया।

इस दौरान परिजनों ने मरीज को जयपुर टीबी सेंटर में 5 दिसंबर को भर्ती करा दिया। उपचार के बाद तबीयत में सुधार होने पर 14 दिसंबर को डॉक्टरों ने उसे छुट्टी दे दी, लेकिन इसके बाद फिर से 18 दिसंबर की रात उसे तकलीफ होने पर 19 दिसंबर को टीबी सेंटर जयपुर में भर्ती कराया गया। जब व्यक्ति को दोबारा अस्पताल में भर्ती कराया गया तो जांच में वह कोविड पॉजिटिव निकला। मरीज की गुरुवार दोपहर को इलाज के दौरान जयपर अस्पताल में मौत हो गई।

सीएम भजनलाल शर्मा ने दिए निर्देश…

इधर, प्रदेश में कोरोना के बढ़ते केस को लेकर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कोविड़ प्रबंधन की समीक्षा करते हुए स्टेट कोविड मैनेजमेंट टीम का गठन करने के निर्देश दिए हैं। मेडिकल विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव शुभ्रा सिंह ने तुरंत पालना करते हुए 9 सदस्यीय स्टेट कोविड मैनेजमेंट टीम गठित कर दी है।

9 सदस्यों की इस टीम में चिकित्सा शिक्षा आयुक्त शिवप्रसाद नकाते की अध्यक्षता में एमडी अनुपमा जोरवाल, डॉ. गौरव सैनी, डॉ. रविप्रकाश माथुर, संयुक्त निदेशक (ग्रामीण स्वास्थ्य) डॉ. रविप्रकाश शर्मा, वरिष्ठ प्रोफेसर भारती मल्होत्रा, डॉ. प्रवीण असवाल, अधीक्षक डॉ. अजीत सिंह, डॉ.वंदना शर्मा इस कमेटी में शामिल किए गए हैं। ये कमेटी कोविड प्रबंधन को लेकर प्रदेशभर की निगरानी रखेगी। ताकि आवश्यकता होने पर रोगियों को तत्काल चिकित्सा सुविधाएं मिल सकें।

प्रदेश के चिकित्सा विभाग ने एडवाइजरी जारी करते हुए लोगों को एहतियात बरतने की सलाह दी है। प्रदेश में टूरिस्ट सीजन को देखते हुए खासतौर पर सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। भीड़भाड़ के इलाकों में मास्क लगाने और सर्दी- खांसी, जुकाम और सिरदर्द की शिकायत होने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करने की भी सलाह दी गई है।

Facebook Comments