जन आकांक्षाओं को पूरा करेगा पुनर्विकसित डालीगंज स्टेशन
गोरखपुर-पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल के गोरखपुर-लखनऊ रेल खंड पर स्थित डालीगंज स्टेशन, को अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत रु. 28.45 करोड़ की लागत से पुनर्विकसित किया जा रहा है। डालीगंज स्टेशन मध्य उत्तर प्रदेश का एक महत्वपूर्ण स्टेशन है। यह स्टेशन बरेली, मुरादाबाद, सहारनपुर, पीलीभीत, इज्जतनगर, मैलानी, सीतापुर जैसे प्रमुख नगरों से सीधी ट्रेन सेवा से जुड़ा हुआ है। यहाँ यात्रियों के बढ़ते आवागमन एवं आगामी 50 वर्षों की यातायात आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुये स्टेशन का पुनर्विकास कार्य तेजी से किया जा रहा है।
अमृत भारत स्टेशन योजना का उद्देश्य रेलवे स्टेशनों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त कर यात्री अनुकूल बनाते हुये आगामी चुनौतियों से निपटना है। पुनर्विकास के अन्तर्गत स्टेशन भवन का सौंदर्यीकरण, बेहतर प्रवेश एवं निकास द्वार, यात्रियों के लिये प्रतीक्षालय, आधुनिक सुविधाओं से युक्त प्रसाधन, स्टेशन पर उन्नत प्रकाश व्यवस्था, यात्रियों को ट्रेन में चढ़ने/उतरने हेतु प्लेटफॉर्म के उच्चीकरण एवं विस्तार के साथ यात्रियों के बैठने की समुचित व्यवस्था, एक प्लेटफॉर्म से दूसरे प्लेटफॉर्म पर जाने हेतु फुट ओवर ब्रिज (एफ.ओ.बी.) का निर्माण सहित विभिन्न यात्री सुविधाओं से सुसज्जित किया जा रहा है। इन कार्यों में डालीगंज स्टेशन पर 1,120 वर्ग मीटर में फसाड के साथ ही 608 वर्ग मीटर में स्टेशन भवन एवं पोर्च का कार्य पूर्ण हो चुका है। आकर्षक फसाड लाइटें लगाई गई हैं। स्टेशन एप्रोच मार्ग को सुगम बनाया गया है, साथ ही सर्कुलेटिंग एरिया में 1,200 मीटर में ड्रेनेज, 1,947 मीटर में बाउंड्री वॉल, 7,400 वर्ग मीटर में सर्कुलेटिंग रोड, 5,400 वर्ग मीटर में पार्किंग का कार्य पूरा कर लिया गया है। साथ ही डालीगंज स्टेशन पर द्वितीय प्रवेश द्वार का प्रावधान भी किया गया है।इसके अतिरिक्त यात्रियों की सुविधा हेतु प्लेटफॉर्म का विस्तार कर प्लेटफॉर्म सतह पर 5,000 वर्ग मीटर में ग्रेनाइट लगाने का कार्य पूर्ण हो चुका है तथा यात्रियों को धूप एवं वर्षा से बचाने के लिये 24-बे के पी.पी. शेल्टर के प्रावधान के साथ ही विभिन्न श्रेणी के नये प्रतीक्षालयों के निर्माण, स्वच्छता को ध्यान में रखते हुये महिला/पुरुष एवं दिव्यांगजन हेतु आधुनिक सुविधाओं से युक्त प्रसाधन, अन्तर्राष्ट्रीय मानक के अनुरूप उन्नत साइनेज का प्रावधान किया जा रहा है। यात्रियों के सुगम आवागमन हेतु 12 मीटर चौड़ा फुट ओवर ब्रिज (एफ.ओ.बी.) के निर्माण के साथ ही 01 लिफ्ट एवं 02 एस्केलेटर लगाने का कार्य प्रगति पर है।
सभी निर्माण कार्यों के पूर्ण होने पर डालीगंज स्टेशन को आकर्षक स्वरूप मिलेगा। रेल यात्रियों को जहाँ एक ओर उन्नत एवं आधुनिक यात्री सुख-सुविधाओं का लाभ मिलेगा वहीं दूसरी ओर रेल परिसर में प्रवेश करते ही उन्हें सुखद अनुभूति का एहसास होगा तथा लखनऊ शहर के आर्थिक विकास में भी सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।
Facebook Comments
