Tuesday 13th of January 2026 01:15:04 PM

Breaking News
  • देवरिया में चला बुलडोजर,अवैध मजार ध्वस्त |
  • आर सी पी सिंह की जदयू में होगी वापसी मकर संक्रांति के बाद ,बोले -नीतीश कुमार और हम एक ही हैं|
  • मकर संक्रांति पर योगी सरकार का बड़ा फैसला , 15 जनवरी को सार्वजनिक अवकाश का ऐलान |
Facebook Comments
By : Nishpaksh Pratinidhi | Published Date : 22 Feb 2022 6:48 PM |   409 views

भाजपा के लिए मतदान करें, यह चुनाव मणिपुर के अगले 25 सालों का भविष्य तय करेगा: मोदी

इम्फाल- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ‘‘डबल इंजन’’ की सरकार ने पूरी ईमानदारी से मणिपुर के विकास का प्रयास किया है और बड़ी ‘‘मेहनत’’ से आगामी 25 साल के लिए उसके विकास की एक ‘‘ठोस नींव’’ तैयार की है।

यहां एक रैली को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि पिछले पांच साल में राज्य में स्थिरता और शांति बहाल करने की जो प्रक्रिया शुरु हुई है, उसे अब स्थायित्व देना है और इसके लिए भाजपा की सरकार बनाना जरूरी है।

उन्होंने कहा, ‘‘पिछले महीने मणिपुर ने अपनी स्थापना के 50 साल पूरे किए। इस अवधि में राज्य की जनता ने बहुत सारी सरकारें देखीं और उनके कामकाज देखे। लेकिन कांग्रेस शासन के दशकों बाद भी मणिपुर को असमानता और असंतुलित विकास ही मिला।’’

मोदी ने कहा कि पिछले पांच वर्ष में राज्य की जनता ने भाजपा का ‘‘सुशासन’’ और विकास के प्रति उसका ‘‘नेक इरादा’’ भी देखा है। उन्होंने कहा, ‘‘बीते पांच साल में भाजपा की डबल इंजन की सरकार ने मणिपुर के विकास का पूरी ईमानदारी से प्रयास किया है। हमने जो मेहनत की है, उसने आने वाले 25 साल के लिए इस राज्य के विकास की एक ठोस नींव बनाई है। इसलिए यह चुनाव आने वाले 25 साल का भविष्य निर्धारित करेगा।’’

प्रधानमंत्री ने पहली बार मतदान करने वाले युवा मतदाताओं का आह्वान किया कि वे इस बार के चुनाव में ‘‘कमल’’ का बटन दबाएं क्योंकि वे सरकार के एजेंडे में महत्वपूर्ण स्थान रखते हैं।

मोदी ने कहा, ‘‘स्थिरता और शांति की जो प्रक्रिया इन पांच सालों में शुरु हुई है, उसे अब हमें स्थायित्व देना है। इसलिए मणिपुर में भाजपा के नेतृत्व में पूर्ण बहुमत की सरकार बननी आवश्यक है।

(भाषा)

Facebook Comments